पति जब तक सोया नहीं, उसकी तारीफ करता रहा। उसकी अस्वस्थता के बावजूद साथ देने के लिए सोने के विभिन्न फायदे गिनाकर उसे सोने के लिए तैयार अथवा मजबूर करता रहा। मगर जैसे ये कार्य खतम, उसने पत्नी की बुराई करनी शुरु कर दी।
तुम दोस्तों से बात क्यों करती हो?
तुम्हें फोन क्यों आते हैं?
सोशल साइट पर क्यों बैठती हो?
लेखिका बने रहो मगर फेसबुक पर क्यों लिखती हो? तेरे पोस्ट पर कोई गंदा कमेंट करता है तो उससे लड़ने के बजाय फेसबुक से हट क्यों नहीं जाती?
सारे घर-बाहर का काम समय पर होना चाहिए और कमाई में भी कोई कमी नहीं वरना अपने मान-मर्यादा व इज्जत के बारे में सोचना भी मत। जहां चाहूं, तेरी बेइज्जती कर सकता हूं और करता रहूंगा।
अस्वस्थता के बावजूद पति को साथ देना, अभी उसके द्वारा मसले शरीर की पीड़ा खतम भी नहीं हुई थी मगर पति का काम निकलते ही ये सब बातें, स्त्री को बहुत बुरा लगा और वह बोल उठी,
‘‘तुम मेरा कोई काम करते हो क्या? नहीं ना, जब घर-बाहर दोनों की जिम्मेदारियां मैं खुद निभाती हूं, तेरे तरह मैं भी घर के लिए पैसा कमाकर लाती हूं। अस्वस्थता के बावजूद तुम्हें सोने की सहमति देती हूं, तब भी तुम क्यों मेरे से गंदा बोलते रहते हो, मेरे मायके व जानने वालों से भी जाकर मेरी क्यों बुराई करते फिरते हो? जब मैं सारी जिम्मेदारियां निभाने के बाद लेखक रूप में खुद को स्थापित करने की कोशिश करती हूं, सोशल साइट पर पोस्ट भी करती हूं तो तुम क्यों बुरा मानते हो? मुझे तेरा यह व्यवहार बिल्कुल पसंद नहीं,।’’
‘‘ तो सुनो, वो इसलिए कि मुझे तेरा मेरे से आगे जाना, सफलता, तेरे चाहने वाले, बढते फालोअर्स, प्रशंसाएं व इसके लिए तेरा जुड़ाव व लगन मुझे बिल्कुल पसंद नहीं। तुम सिर्फ मेरी बनकर रहो। दूसरों को पढना, खुद को अभिव्यक्ति करना, अपने लिए सोचना व अपनी पहचान-सफलता के लिए प्रयास करना छोड़ दो तो मैं भी तुम्हें गिराना, नीचा दिखाना व बुराई करना छोड़ दूंगा। अगर नहीं छोड़ोगी तो जो तेरे साथ करता हूं, वह तो बहुत कम है। देखो समाज में कि कैसे जूती तले मर्द औरत को रखता है। या तो मेरे हिसाब से चलो, नहीं तो यह सब तुम सहने के लिए तैयार रहो हमेशा और यह सब कहते हुए पुरुष अपना मुंह दूसरी तरफ करके सो गया।’’
उसकी बात सुन स्त्री सोच रही थी कि ऐसे पति को छोड़ना संभव है क्या, मगर नवालिग बच्चे का क्या होगा। अपने पास इतना है क्या कि बच्चे के साथ-साथ खुद का जीवन भी संवार सकूं। नहीं ! फिर पति के नाम की छत व बच्चों के साथ के नाम पर रोज-रोज मिलने वाला पति का दुर्व्यवहार व उसकी दी हुई पीड़ाएं जीवन का हिस्सा और यह तो मौत के साथ ही अब खतम होगी।
मगर हां, मैं अपने जीवन की सफलता की कामना करना व उसके लिए प्रयास करना नहीं छोड़ूंगी। अगर किसी की बुरी प्रवृति तो वह कहां छूटती है। जब मैं सिर्फ पति के हिसाब से चलती थी, तब भी कहां वह मेरी इज्जत करता था। वहीं बुराइयां, वहीं चिल्लाने की आदतें और कभी उसके हिसाब से चलने से इंकार किया तो उसका हाथ उठ जाना। आज भी विभिन्न रूपों में वहीं सब है। ‘जब सहना ही जीवन तो‘ जरा अपने लिए भी जीकर क्यों ना सहे और इसी के साथ स्त्री रोजमर्रा के कार्यों में लग जाती है और सोचने लगती है कि आज मुझे नया क्या करना है?
-कुलीना कुमारी, 1-9-2016
'मन की पीड़ा' सुंदर व सशक्त अभिव्यक्ति !
ReplyDeletethanks jee
ReplyDeletethanks jee
ReplyDeleteकटु सत्य ! नारी की वेदना सुन्दर अभिव्यक्ति।।
ReplyDeleteबधाई